
चतरा : क्षत्रिय गौरव एकता मंच के तत्वावधान में शनिवार को कुल्लू मोड़ पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गौरवपूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। इस दौरान महाराणा प्रताप अमर रहें, भारत माता की जय, जय भवानी जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जयंती समारोह के अवसर पर मंच के सदस्यों ने कुल्लू मोड़ पर महाराणा प्रताप का बोर्ड स्थापित कर चौक का नामकरण “महाराणा प्रताप चौक” किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी स्वाभिमान और स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मंच के जिला संयोजक अरुण सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चौक का नामकरण केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि इतिहास और संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास है। पारसनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है, युवाओं को उनके आदर्श अपनाने चाहिए। बिनोद सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप चौक का नामकरण इतिहास और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की सराहनीय पहल है। शिवबालक सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप देश की आन-बान के प्रतीक थे, उनका संघर्ष हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। विवेक सिंह ने कहा कि चौक का नामकरण समाज में वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करेगा। अनिल सिंह ने कहा कि युवाओं को महाराणा प्रताप के साहस और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में प्रवीण सिंह संजय सिंह, चुन्नू सिंह, सुबोध सिंह, मंजीत सिंह, मुन्ना सिंह, मृत्यंजय सिंह, सौरभ कुमार, कुश सिंह समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।
संवाददाता, प्रवीण कुमार सिंह
