
चतरा : नगर परिषद के नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू खान ने शहरवासियों को रंगों के महापर्व होली की बधाई दी है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ शांति और शौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही शहर में पर्व के रंग में भंग या खलल उत्पन्न न हो इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस से भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की मांग नगर परिषद अध्यक्ष ने की है। उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम से भी फोन पर वार्ता कर होली के दौरान शहर में भारी वाहनों के घुसने पर पुरी तरह रोक लगाने व ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नो एंट्री प्रभावि करने की मांग की है। नपा अध्यक्ष ने बताया कि उनकी मांग पर एसडीओ ने पर्व के दौरान बाजार में भीड़-भाड़ और जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के उद्देश्य से दिन के साथ-साथ रात दो बजे तक नो एंट्री लागु रखने का आदेश जारी कर दिया है। बाबू खान नें कहा कि होलिका दहन भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और अधर्म के अंत की याद दिलाता है, जबकि अगले दिन खेली जाने वाली रंगों की होली भगवान श्रीकृष्ण और राधा के प्रेम, समानता और आनंद का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में हम सभी मिलजुल कर पर्व को अच्छे से मनाए इससे बेहतर और क्या हो सकता।
