
Chatra : नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख इंडिकेटरों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीति आयोग के “संपूर्णता अभियान 2.0” का विधिवत शुभारंभ मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कीर्तिश्री जी, विधायक चतरा जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, सहित अन्य पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य नीति आयोग द्वारा निर्धारित इंडिकेटरों को शत-प्रतिशत प्राप्त करना है, ताकि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं आधारभूत सेवाओं से संबंधित सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का पूर्ण लाभ सुनिश्चित हो सके। अभियान के तहत आकांक्षी जिला के 5 तथा आकांक्षी प्रखंड के 6 प्रमुख इंडिकेटरों पर विशेष फोकस करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प लिया गया है।इस अवसर पर उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि संपूर्णता अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संतृप्ति आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि सभी विभागों द्वारा समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई है तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक माइक्रो प्लान के माध्यम से कार्य किया जाएगा, ताकि चतरा जिला संपूर्णता अभियान 2.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। विधायक चतरा ने कहा कि नीति आयोग के मार्गदर्शन में चतरा जिला निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। संपूर्णता अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण जैसे मूलभूत क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है। जिला परिषद अध्यक्षा ने कहा कि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम का मूल उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है, और संपूर्णता अभियान इसी दिशा में एक सशक्त एवं प्रभावी पहल है। जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 को सफल बनाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी जनप्रतिनिधियों और विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत निर्धारित सभी इंडिकेटरों की शत-प्रतिशत संतृप्ति तभी संभव है, जब जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से चतरा जिले में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा और जिला विकास के नए मानक स्थापित करेगा। कार्यक्रम में उक्त के अलावे जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी (मयूरहंड), आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहिया दीदी, सहिया साथी, जिले के सभी प्रखंड प्रमुख, मयूरहंड प्रखंड के मुखिया, पंचायत सचिव एवं PMU सदस्य सहित बड़ी संख्या में संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
