
Chatra : नगर परिषद (आम) निर्वाचन–2026 के अंतर्गत नाम-निर्देशन की प्रक्रिया दिनांक 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। नामांकन की अंतिम तिथि तक नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 प्रत्याशियों द्वारा 34 सेटों में नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए गए, जिनकी संवीक्षा उपरांत सभी नाम-निर्देशन पत्र स्वीकृत पाए गए। इसके फलस्वरूप अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे। नाम-निर्देशन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक वार्ड सदस्य पद हेतु नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 01 से 22 तक कुल 91 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। दिनांक 5 फरवरी 2026 को हुई संवीक्षा के दौरान वार्ड संख्या 11 में कुमारी विनीता का नाम-निर्देशन पत्र त्रुटि पाए जाने के कारण अस्वीकृत किया गया। इस प्रकार वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 90 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
नगर परिषद क्षेत्र में कुल 22 वार्ड हैं, जहाँ नगर परिषद अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का प्रत्यक्ष निर्वाचन गैर-दलीय आधार पर संपन्न कराया जाएगा। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 35,562 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 17,525 पुरुष तथा 18,037 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन कार्य के सुचारु संचालन हेतु 22 वार्डों में कुल 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो 26 मतदान केंद्र भवनों में संचालित होंगे। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित है। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। मतदान 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। जिन मतदाताओं के पास मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक दस्तावेजों—जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक/डाकघर पासबुक, एनपीआर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, पेंशन संबंधी दस्तावेज आदि—में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित कर मतदान कर सकते हैं।
