
चतरा। नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में आज सोमवार को जोरदार राजनीतिक हलचल देखने को मिली। कुल पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। समर्थकों की भारी भीड़ और नारों के बीच पूरा माहौल चुनावी रंग में रंग गया। राजद के प्रदेश महासचिव दिनेश कुमार दांगी, राजद नेता मो. इरफान रिंकू खान, मोमिन कॉन्फ्रेंस समर्थित तौफीक आलम, अधिवक्ता राकेश रंजन उर्फ पप्पू केसरी और युवा नेता अमन यादव ने नामांकन किया।सभी प्रत्याशियों ने पत्रकारों से खुलकर बात की और शहर को स्वच्छ, सुंदर व विकसित बनाने का संकल्प लिया। विकास ही मुख्य मुद्दा बनकर उभरा।दिनेश कुमार दांगी ने कहा, “मेरा सपना स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित शहर का है। हर वार्ड में बिना भेदभाव विकास होगा।” वे वरिष्ठ अधिवक्ता निर्मल दांगी के पुत्र हैं।मो. इरफान रिंकू खान बोले, “पेयजल, नाली, सड़क, सफाई और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं पर फोकस रहेगा। योजनाएं कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी।”तौफीक आलम ने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का वादा किया। “शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता में ठोस कदम उठाऊंगा, हर नागरिक को सम्मान और समान अधिकार मिलेगा।”राकेश रंजन उर्फ पप्पू केसरी ने इसे सेवा का संकल्प बताया। “पारदर्शिता, ईमानदारी और जनभागीदारी से विकास करेंगे। शिक्षा को नई ऊंचाई दूंगा।”अमन यादव ने युवा शक्ति पर भरोसा जताया। “युवाओं को आगे लाकर रोजगार देंगे और शहर को आधुनिक बनाएंगे, जिस पर हर नागरिक गर्व करे।”अब सभी उम्मीदवार जनता के बीच जाकर वोट मांगने में जुट गए हैं। चुनाव रोचक मोड़ ले चुका है।
