
चतरा | पिछले नगर परिषद चुनाव का आय व्यय विवरण समय पर जमा नहीं करने के कारण पूर्व नप अध्यक्ष जमुना प्रसाद उर्फ मंदूर साव सहित चतरा के 30 नेता डिबार हुए थे। लेकिन अब सभी डिबार नेता चुनाव लड़ सकेंगे। उत्पन्न समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन से मंतव्य मांगा था। राज्य निर्वाचन आयोग ने अपना मंतव्य जिला प्रशासन को भेज दिया है। इसमें बताया गया है कि आय व्यय का ब्यौरा नहीं देने वाले प्रत्याशियों को 3 वर्षों के लिए डिबार करने का प्रावधान किया गया है। तीन वर्षों का समय सीमा समाप्त हो चुका है। ऐसे में डिबार हुए सभी प्रत्याशी इस बार के नगर परिषद के चुनाव में चुनाव लड़ सकते हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने बताया कि डिबार के 3 वर्षों की अवधि समाप्त हो चुकी है। इसलिए डिबार हुए प्रत्याशी इस चुनाव में शामिल हो सकते हैं।
पूर्व नगर अध्यक्ष मंदूर साव राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार
चतरा नगर के पूर्व अध्यक्ष जमुना प्रसाद उर्फ मंदूर साव ने कहा कि डिबार को लेकर उत्पन्न संसय अब समाप्त हो चुका है। अब वह मजबूती के साथ चुनाव लड़ सकेंगे। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग और चतरा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
