
चतरा, झारखंड। जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलबल मेला में सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर लौट रहे आईआरबी जवान अनिल कुमार का पार्थिव शरीर जैसे ही पैतृक गांव करानी पहुंचा, पूरा इलाका शोक में डूब गया। सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन होने पर तिरंगे में लिपटा उनका शरीर पांडेपुरा-गेंजना मोड़ से विशाल शव यात्रा में लाया गया।एंबुलेंस के गांव में प्रवेश करते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। हर आंख नम, हर दिल भारी। आसपास के इलाकों से हजारों ग्रामीण उमड़ पड़े। क्षेत्र “भारत माता की जय” और “अनिल कुमार अमर रहें” के नारों से गूंजा। युवाओं ने बाइक रैली व पैदल मार्च निकालकर श्रद्धा व्यक्त की।पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व साथी जवानों ने पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ जुटी। ग्रामीणों ने कहा, “अनिल न केवल कर्तव्यनिष्ठ जवान थे, बल्कि गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत। उनका जाना अपूरणीय क्षति है।” यह घटना समाज को झकझोर गई।
