
Chatra : लावालॉंग प्रखंड क्षेत्र के लमटा पंचायत में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) में खुलेआम लूट का मामला सामने आया है।यहां एक पीडीएस डीलर द्वारा लाभुकों के हिस्से के चावल में भारी कटौती की जा रही थी। मामला तब उजागर हुआ जब मुखिया ने मौके पर ही वजन कराकर सच्चाई सामने ला दी। जानकारी के अनुसार डाढा़ गांव निवासी राजेंद्र पासवान पीडीएस दुकान से अपने हिस्से का 45 किलो चावल लेकर घर लौट रहा था।रास्ते में उसे चावल कम होने का शक हुआ।इसी दौरान उसकी मुलाकात मुखिया अमित कुमार चौबे से हुई,जिनके सामने उसने अपनी शंका जाहिर की।मुखिया ने तत्काल चावल का वजन करवाया, जिसमें मात्र 38 किलो चावल पाया गया।यानी लाभुक के हिस्से से 7 किलो चावल की सीधी कटौती की गई।कटौती की पुष्टि होते ही मुखिया ने आतमपुर गांव स्थित मंजू देवी महिला समाख्या सहायता समूह द्वारा संचालित पीडीएस दुकान की संचालक मंजू देवी को फोन कर कड़ी फटकार लगाई।डीलर ने मशीन की बैटरी चार्ज नहीं होने का हवाला देकर बचने की कोशिश की,लेकिन मुखिया ने इसे बहाना बताते हुए तुरंत काटे गए चावल को लाकर देने का निर्देश दिया।आनन-फानन में डीलर मंजू देवी कटौती किए गए चावल लेकर पहुंची और मुखिया की मौजूदगी में लाभुक को सौंप दिया।मुखिया अमित कुमार चौबे ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि सरकार और विभाग के द्वारा मशीन को पूरी तरह सेटिंग कर डीलरों को दिया जाता है, लेकिन डीलरों द्वारा मशीन से छेड़छाड़ कर गरीबों का हक मारना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि 45 किलो राशन में 7 किलो की कटौती अमानवीय और आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है।इस मामले को लेकर वे एमओ और संबंधित विभाग को लिखित शिकायत करेंगे।मुखिया ने प्रखंड क्षेत्र के अन्य पीडीएस दुकानों की भी सघन जांच कराने की मांग की,ताकि अन्य लाभुक इस तरह की लूट का शिकार न हों।
इधर,सहायक गोदाम प्रभारी विनय कुमार चौधरी ने बताया कि मुखिया जी के द्वारा मुझे मामले की जानकारी दी गई है।डीलर द्वारा राशन की कटौती गंभीर मामला है,जबकि गोदाम से एक सौ ग्राम चावल भी कम नहीं दिया जाता है।मामले की सख्ती से जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं,बीडीओ विपिन कुमार भारती ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है,लेकिन सूचना मिलते ही जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
