
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक सनसनीखेज छापामारी को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक चतरा द्वारा गठित विशेष टीम ने ग्राम तुंबापतरा के एक सुनसान मिट्टी के मकान में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में कोडीन सिरप का भंडार उजागर कर दिया। यह कार्रवाई नशे के सौदागरों को रोंगटे खड़े कर देने वाली है। गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों ने तुंबापतरा गांव के एक पुराने मिट्टी के मकान को नशे का गोदाम बना रखा है, जहां कोडीन सिरप को नशीला पदार्थ के रूप में इस्तेमाल करने के लिए छिपाया गया था। इस सूचना पर तुरंत हरकत में आते हुए एसपी चतरा ने एक संयुक्त छापामारी टीम का गठन किया। टीम ने दोपहर के समय गांव पहुंचकर मकान पर धावा बोल दिया।मकान के अंदरूनी कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को 42 पेटियों में कुल 5040 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 120 बोतलें भरी हुई थीं, जो बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत की है। सामान को विधिवत जप्त कर लिया गया, लेकिन मकान मालिक मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश तेज कर दी है।इस सनसनीखेज मामले में सिमरिया थाने में कांड संख्या 210/25, दिनांक 27-12-2025 दर्ज किया गया है। इसमें धारा 61(2) बीएनएस 2023 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी)/25/29 के तहत सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने संबंधित तस्करों के खिलाफ व्यापक छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही उन्हें दबोचने का दावा किया है। छापेमारी दल में अंचल अधिकारी सिमरिया,पुलिस निरीक्षक सिमरिया अंचल, सनोज कुमार चौधरी,थाना प्रभारी सिमरिया, सूर्य प्रताप सिंह, चंद्रमौलेश्वर कुमार, थाना सशस्त्र बल शामिल थे,यह बरामदगी न केवल सिमरिया क्षेत्र बल्कि पूरे चतरा जिले में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम को नई गति प्रदान करती है। ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसी कार्रवाइयां नशे के जाल को हमेशा के लिए तोड़ देंगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
