
लावालौंग/चतरा । चानी गांव के मनोज भुईया (पिता-रामदेव भुईया) का पुणे में रहस्यमय ढंग से लापता होना गांव में सनसनी फैला रहा है। दिहाड़ी मजदूरी के लिए महाराष्ट्र के पुणे शहर के कृष्णा नगर में सेंटिंग-सरिया का काम कर रहे मनोज 20 दिसंबर (शनिवार) से अपने कमरे से गायब हैं।परिजनों के मुताबिक, मनोज 15 दिसंबर (सोमवार) को काम के सिलसिले में घर से पुणे रवाना हुए थे। खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य मनोज चार छोटे बच्चों, वृद्ध मां और पूरे परिवार का बोझ संभालता था। अब घर में आर्थिक संकट और भावनात्मक विपदा मच गई है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और अनहोनी की आशंका से डर रहे हैं।परिजनों ने खुलासा किया कि मनोज को पुणे ले जाने वाला ठेकेदार गांव का ही प्रमोद यादव है। घटना के बाद से प्रमोद फोन नहीं उठा रहा, जिससे संदेह गहरा गया। परिजन ठेकेदार की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं।परिजनों और ग्रामीणों ने झारखंड सरकार व प्रशासन से मनोज की तत्काल खोजबीन की गुहार लगाई है। स्थानीय समाजसेवियों ने जानकारी देने वालों को इनाम की घोषणा की है। संपर्क: 9693485871 (सूचना गोपनीय रहेगी)। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई न हुई तो आंदोलन करेंगे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
