
हजारीबाग | नशा रोकथाम पर एनसीबी व ट्रस्ट की संयुक्त पहल। हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट की टीम ने गुरुवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) झारखंड ज़ोन के हेड राणा प्रताप यादव से मुलाकात की। बैठक में राज्य और जिला स्तर पर नशा रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। ट्रस्ट ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए अपने चल रहे अभियानों की जानकारी देते हुए एनसीबी के साथ सहयोग की इच्छा जताई।
एनसीबी ने सराहा ट्रस्ट का प्रयास, दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
एनसीबी जोनल हेड राणा प्रताप यादव ने ट्रस्ट के सामाजिक प्रयासों की सराहना की और नशा उन्मूलन अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि एनसीबी पहले से ही राज्य भर में नशा के खिलाफ लगातार काम कर रहा है और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से अभियान और अधिक प्रभावी होगा।
ट्रस्ट ने सौंपा लिखित आवेदन
बैठक के दौरान हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट ने एनसीबी को एक लिखित आवेदन भी सौंपा, जिसमें राज्य और जिले के स्तर पर नशा रोकथाम के लिए समन्वित अभियान चलाने की मांग की गई। आवेदन में यह भी आग्रह किया गया कि ट्रस्ट को इस अभियान में औपचारिक रूप से शामिल किया जाए, ताकि दोनों संस्थाएं मिलकर जागरूकता और सुधार कार्यक्रमों को मजबूत कर सकें।
संयुक्त अभियान पर बनी सहमति
मुलाकात सकारात्मक रही और इसका परिणाम यह हुआ कि एनसीबी विभाग और हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से नशा रोकथाम अभियान चलाने का निर्णय लिया। यह अभियान राज्य और जिला दोनों स्तरों पर चलाया जाएगा, जिसमें एनसीबी, हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट अन्य संबंधित विभाग और सामाजिक संस्थाए एक साथ मिलकर काम करेंगे।
प्रदेश में नशा-मुक्ति की दिशा में नई उम्मीद
संयुक्त अभियान के शुरू होने से प्रदेश में नशा उन्मूलन की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम माना जा रहा है। यह पहल युवाओं को नशे से दूर रखने, जागरूकता फैलाने और पुनर्वास गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
