
चतरा – पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देशानुसार महिला थाना प्रभारी ने राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय, चतरा में छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, लैंगिक अपराधों की रोकथाम और सामाजिक जागरूकता से संबंधित जानकारी दी गई।थाना प्रभारी ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में बताया तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों को पालन करने और सतर्कता से वाहन चालान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि अंजान लिंक पर क्लिक न करें, संदेहास्पद कॉल का जवाब न दें और किसी के साथ अपना ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करें।कार्यक्रम के अंत में वरीय पदाधिकारियों के संपर्क नंबर साझा किए गए और छात्राओं को यह भरोसा दिलाया गया कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में वे निःसंकोच महिला थाना, डायल 112 या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
