चतरा। पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल की कुंदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ अफीम व अफीम डोडा की बड़ी बरामद की है। पुलिस ने छापामारी में 31 किलो 250 ग्राम अफीम व 22 किलो 700 ग्राम अफ़ीम डोडा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की कीमत लगभग 25 लाख रु बताई जा रही है,वहीं अफीम डोडा की 5 लाख रु है। इस आशय की जानकारी देते हुए सिमरिया अनुमंडल के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कुन्दा थानान्तर्गत बनियाडीह, टोला सबुआ का अफीम तस्कर शम्भू गंझू ने अपने घर मे अवैध अफीम एवं डोडा छुपाकर रखा है। प्राप्त सूचना के सत्यापन के पश्चात वरीय पदाधिकारी के आदेश पर कुंदा के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में सअनि मदन कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी दल ने शम्भू गंझू के घर की छापामारी की। उन्होंने बताया कि छापामारी के क्रम में उसके घर से 28 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम एवं 22 किलो 700 ग्राम डोडा बरामद किया गया। छापामारी के वक्त घर मे मौजूद तस्कर शम्भू गंझू के पुत्र बिगन गंझू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। श्री प्रियदर्शी ने बताया कि वहीं अफीम तस्करी के एक अन्य मामले में ग्राम-ईचाक निवासी भोला यादव के घर में भी अवैध गीला अफीम रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई। भोला यादव के घर पर छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में भोला यादव के घर से स्टील के केन में करीब 2 किलो 550 ग्राम अवैध गीला अफीम बरामद किया गया। पुलिस को देखकर भोला यादव झाड़ी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि इस संबंध में कुन्दा थाना कांड संख्या-23/2023, दिनांक 20.03.2023, धारा- 15/18/20/22/25 (ए)/27 (ए) / 29/30 एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत दर्ज किया गया है। वहीं गिरफ्तार दोनों पिता-पुत्र तस्कर को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। श्री कुमार ने बताया कि संलिप्त अन्य तस्करों के विरूद्ध अनुसंधान एवं सघन छापामारी अभियान चलाई जा रही है। छापामारी दल में कुंदा के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी खगेश कुमार,सअनि मदन कुमार सिंह व थाना सशस्त्र बल के जवान एवं सैट-83 मांझीपाडा पिकेट के जवान शामिल थे।
कुंदा,रंजीत शौंडिक

