गिद्धौऱ(चतरा)बलबल मेला मे शनिवार शाम को कुछ शरारती तत्वों द्वारा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पर हमला किया गया था.इस घटना में उनका सर फट गया.उनके बचाव के लिये आये जिप सदस्य अनिता देवी के पति बालेश्वर यादव को भी काफी चोटें आई हैं.उनका इलाज हजारीबाग में चल रहा है.इधर घटना के बाद पुलिस ने थाना प्रभारी पर हमला करने वाले तीन युवकों को पकड़कर उन्हें रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.जेल गये युवकों में सदर थाना क्षेत्र के मर्दनपुर निवासी प्रदीप लकड़ा(29),दाऊद लकड़ा(22)दोनों के पिता पतरस लकड़ा,विकाश कुजूर(27),पिता स्व.शीलवेस्टर कुजूर का नाम शामिल हैं.थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि मेला समिति के लोगों ने शनिवार की शाम 5 बजे आर्केस्ट्रा के संचालन पर रोक लगाई थी.देर शाम कुछ युवकों द्वारा जबरन आर्केस्ट्रा चालू कराने की बात पर हंगामा करने की शिकायत संचालक द्वारा की गई.मेला में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व मेला समिति के कुछ लोगों के साथ जब वहां पहुंचा तो कई युवक शराब के नशे में धुत्त हुड़दंग मचा रहे थे.मना करने पर युवक थाना प्रभारी से उलझ गये और बांस के डंडे से हमला कर दिया.थाना प्रभारी व बालेश्वर यादव को इलाज के लिये शेख भिखारी मेडिकल कालेज हजारीबाग भेजा गया.उन्होंने बताया कि इस घटना में 9 से 10 युवक शामिल थे.तीन की गिरफ्तारी हुई है.पकड़े गए लड़कों ने अन्य युवकों के बारे में जानकारी दी है.उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा।
संवाददाता कुदूस आलम

